रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज और भारतीय क्रिकेटर यश दयाल के खिलाफ एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोप में जयपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कुछ हफ्ते पहले ही यश दयाल पर गाजियाबाद की एक महिला ने भी रेप का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।
जयपुर में दर्ज हुई नई एफआईआर 23 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (Bharatiya Nyaya Sanhita) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
थाने के एसएचओ अनिल जैमन के अनुसार, शिकायतकर्ता 19 वर्षीय एक महिला क्रिकेटर है। पीड़िता ने बताया कि यश दयाल से उसकी मुलाकात दो साल पहले हुई थी, जिसमें क्रिकेटर ने महिला से उसके क्रिकेट करियर में मदद करने का वादा किया था।
महिला के अनुसार, पहली बार उसके साथ कथित दुष्कर्म वर्ष 2023 में हुआ था, जब वह केवल 17 वर्ष की थी और ताज़ा घटना अप्रैल 2025 जयपुर में आईपीएल के मैचों के दौरान की है।
पहले गाजियाबाद में भी लगा था रेप का आरोप
इससे पहले जुलाई की शुरुआत में गाजियाबाद की एक महिला ने यश दयाल पर रेप का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि क्रिकेटर ने शादी का झांसा देकर उसे मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक रूप से शोषित किया।
गाजियाबाद की महिला ने 21 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने यश दयाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस को दी गई शिकायत में उसने दावा किया था कि वह पिछले पांच वर्षों से यश दयाल के साथ रिश्ते में थी, लेकिन बाद में उसे धोखा और उत्पीड़न झेलना पड़ा।
जयपुर पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, गाजियाबाद पुलिस भी पहले से दर्ज मामले की जांच कर रही है। दोनों ही मामलों में यश दयाल पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।