असम के चायगांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने सरमा को चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा, “उन्हें न तो मोदी बचा पाएंगे और न ही अमित शाह।”
देश में विचारधारा की लड़ाई- राहुल गांधी
सबसे पहले तो उन्होंने बीजेपी पर नफरत का घोल घोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ आरएसएस की नफरत, भाई को भाई से लड़ाने की विचारधारा है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की नफरत, सत्य और अहिंसा की विचारधारा है।
इससे पहले उन्होंने कांग्रेस समर्थकों को शेर और शेरनियां बोलते हुए कहा कि आप लोग कांग्रेस की रीढ़ की हड्डी हो। उन्होंने आगे कहा कि जो असम में हो रहा है वह ही पूरे देश में हो रहा है। यहां पर आपके चीफ मीनिस्टर अपने आप को असम का राजा समझते हैं। वह 24 घंटे कभी अडानी को , कभी अंबानी को आपकी जमीन, धन देने में लगे हुए हैं।
मोदी-शाह नहीं बचा पाएंगे
राहुल गांधी ने हिमंता बिस्वा सरमा पर आरोप लगाते हुए कि उन्होंने और उनके परिवार ने बहुत भ्रष्टाचार किया है। वह यह बात जानते हैं। तभी उनके दिल में डर है। आप उनको सुनेंगे तो आपको पता चल जाएगा। कांग्रेस के बब्बर शेर एक दिन उन्हें जेल में डालेगें। उन्हें न तो मोदी बचा पाएंगे, न अमित शाह बचा पाएंगे।
गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राहुल ने इसी तरह की बात सुबह गुवाहाटी में एक बंद कमरे की बैठक में भी कही थी। सरमा ने आगे उन्हें “शुभकामनाएं” भी दीं।
अडानी समूह का थर्मल प्रोजेक्ट
कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह सरकारी और वन भूमि को कॉरपोरेट्स को सौंप रही है। हाल ही में धुबरी जिले में एक बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत 1,400 से अधिक परिवारों को विस्थापित किया गया। यह ज़मीन एक प्रस्तावित थर्मल पावर प्रोजेक्ट के लिए खाली कराई गई, जिसे लेकर सरकार की अडानी समूह से बातचीत चल रही है। इस कार्रवाई को लेकर विपक्ष की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।
देश सिर्फ चंद अरबपतियों का नहीं
राहुल गांधी ने इस रैली में आगे कहा कि देश दो भागों में बांटा जा रहा है। सरकारी संस्थान खत्म कर देश को प्राइवेटाइजेशन की आग में झोंका जा रहा है, जिससे देश की जनता का पैसा चंद लोगों की जेब में डाला जा रहा है। कांग्रेस यह नहीं सहेगी। देश का मीडिया और चुनाव आयोग बीजेपी के लिए काम कर रहे हैं।
कांग्रेस का यह दौरा 2026 में संभावित विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र संगठन को सक्रिय करने और रणनीति तय करने की कवायद का हिस्सा है। खड़गे ने भी राहुल गांधी की बात दोहराते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो भाजपा सरकार के दौरान बेदखल किए गए लोगों के लिए नए घर बनाए जाएंगे।